Friday, May 09, 2008

मुजफ्फरपुर में खुलेगा तकनीकी विवि

शैक्षणिक दृष्टिकोण से मुजफ्फरपुर की प्रतिष्ठा राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ने वाली है। राज्य का पहला तकनीकी विवि बेला में खुलेगा। सरकार ने योजना को हरी झंडी दी है। बेला में प्रतिष्ठान के लिए साढ़े बीस एकड़ जमीन की खरीदारी कर ली गयी है। जल्द ही भवन निर्माण शुरू होगा। इसके साथ ही यहां महिला पालिटेक्निक कॉलेज एवं महिला इंजीनियरिंग कॉलेज भी खोले जाने की पहल शुरू कर दी गयी है। खर्च की 75 फीसदी राशि केंद्र व शेष राज्य सरकार वहन करेगी। राजकीय महिला पालिटेक्निक की प्राचार्या डा. सुमंगला झा ने बताया कि राज्य विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग के तत्कालीन सचिव अजय कुमार ने 2005 में विवि निर्माण की विस्तृत योजना केंद्र को भेजी थी। भूमि अधिग्रहण के अभाव में लम्बे समय तक मामला अटका रहा। केंद्र सरकार ने 2006 में इसे स्वीकृति प्रदान कर दी। राज्य मंत्रिमंडल से भी इसकी स्वीकृति मिल गयी। उन्होंने बताया कि प्रतिष्ठान निर्माण के लिए बेला औद्योगिक प्रतिष्ठान से एक करोड़ 76 लाख रुपये में साढ़े बीस एकड़ जमीन खरीदी गयी है। प्रतिष्ठान निर्माण के लिए साढ़े तेरह करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध होने वाली है। 2010 तक भवन निर्माण कार्य पूरा कर शैक्षणिक कार्य शुरू किया जाना है। उन्होंने बताया कि राज्य में स्थापित इंजीनियरिंग, पालिटेक्निक, बीएड, मैनेजमेंट, आईटी, महिला औद्योगिक विद्यालय (डब्ल्यूआईएस) आदि संस्थानों को तकनीकी विश्वविद्यालय से जोड़ा जायेगा। इससे तकनीकी प्रतिष्ठानों की शिक्षा, परीक्षा एवं अन्य व्यवस्था में एकरूपता आ जायेगी। अब तक अलग-अलग विश्वविद्यालयों से संबंध होने के कारण इन प्रतिष्ठानों की शिक्षा व्यवस्था भी भिन्न-भिन्न है। योजना के अनुसार छात्रों को राष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त तकनीकी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि लंबे समय से महिला पालिटेक्निक भाड़े के भवन में चलता रहा है। योजना की सफलता से इसका भी समाधान हो जायेगा।



0 comments: