Thursday, March 19, 2009

कायस्थ संगठनों ने किया शत्रुघ्न का विरोध

पटना साहिब सीट पर शत्रुघ्न सिन्हा को टिकट दिये जाने का विभिन्न कायस्थ संगठनों ने विरोध किया है। विरोध करने वाले श्री सिन्हा द्वारा बाल ठाकरे का समर्थन किये जाने से नाराज हैं। बुधवार को कायस्थ क्रांतिकारी विचार मंच की बैठक में पटना साहिब में शत्रुघ्न सिन्हा का विरोध करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए मंच के सदस्य सघन अभियान चलायेंगे। इस आशय की जानकारी मंच के महासचिव बीनू चैनपूरी ने दी। अखिल भारतीय चित्रगुप्त सेना ने भी पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के घोषित प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा की उम्मीदवारी का विरोध करने का फैसला लिया है। सेना के राष्ट्रीय महासचिव कामेश्र्वर प्रसाद शास्त्री ने बयान जारी कर कहा है कि कायस्थ समाज के साथ भाजपा ने विश्र्वासघात किया है। जिसका जवाब लोकसभा चुनाव में दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि श्री सिन्हा को हराने के लिए सेना के युवाओं की टोली बनाकर प्रत्येक कायस्थ बाहुल्य इलाके में सघन जनसम्पर्क अभियान चलाया जायेगा। बिहार प्रदेश नव निर्माण मोर्चा के प्रदेश कार्यालय में मोर्चा के पदाधिकारियों की बैठक में शत्रुघ्न सिन्हा की उम्मीदवारी का विरोध करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुजीत कुमार सिन्हा ने की। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अगर भाजपा उनकी उम्मीदवारी वापस नहीं लेती है तो मोर्चा उनके नामांकन के दिन विरोध स्वरूप काला झंडा और जूतों की माला पहनाने का काम करेगी।
साभार : दैनिक जागरण , पटना

0 comments: