Friday, October 26, 2007

सामस अंतरराष्ट्रीय झलक पर आयेगा : कुणाल

Oct 25, 09:50 pm
बरबीघा (शेखपुरा)। बरबीघा प्रखंड के सामस गांव में भगवान विष्णु की साढे़ सात फूट ऊंची विशाल प्रतिमा को आचार्य किशोर कुणाल ने भारत की पूंजी कहे जाने वाली भगवान विष्णु की प्रतिमाओं में से सर्वाधिक ऊंचा बताया।
राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष आचार्य किशोर कुणाल ने सामस का दौरा कर लौटने के बाद दूरभाष पर बताया कि प्रसिद्ध तिरूपति का बालाजी विश्वनाथ की ऊंचाई साढे़ छह फुट है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश देकर सामस गांव को अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटक केन्द्र बनाने के लिए कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने बताया कि उपरोक्त मूर्ति एक विशाल तालाब के बीचोबीच मिलने तथा उसके बगल में एक बड़ा गढ़ होने के साथ-साथ मूर्ति की संरचना एवं पत्थर की गुणवत्ता देखकर विश्लेषण करने से पाल वंशीय राज काल का मालूम पड़ता है। उक्त मूर्ति चमकदार काले पत्थर से निर्मित है जो एक विशाल प्रस्तर पर स्थापित किया है। मूर्ति को करीब बीस एकड़ में फैले तालाब के बीचोबीच स्थापित कर मंदिर निर्माण किया जा रहा है। पर्षद ने बाकायदा निबंधित कर एक ट्रस्ट का निर्माण कर देखरेख का जिम्मा सौंप दिया है। ट्रस्ट के सचिव अरविंद मानव ने बताया कि सामस गांव मुगल काल में इलाके के व्यापारिक केन्द्र के रूप में मशहूर रहा है तथा पूर्व से काफी लंबा चौड़ा गढ़ बना हुआ है, जिस पर व्यापारी लोग अपना दुकान लगाया करते थे।

0 comments: