Friday, April 25, 2008

शहरों की देखरेख को बहाल होंगे सिटी मैनेजर

बेगूसराय नीतीश सरकार में नगर विकास व आवास विभाग की कमान संभालने के पश्चात अपने विधानसभा क्षेत्र बेगूसराय पहुंचे कैबिनेट मंत्री डा. भोला प्रसाद सिंह ने कहा कि राज्य भर के छोटे-बड़े शहरों की व्यवस्था अब सिटी मैनेजरों को सौंपी जाएगी। इसके लिए शीघ्र ही सभी नगर निगमों, परिषदों और नगर पंचायतों में अनुबंध पर बहाली होगी। सिटी मैनेजर एमबीए डिग्रीधारी होंगे। डा. सिंह ने बताया कि अब तक नगर विकास विभाग में राजपत्रित सेवा संवर्ग नहीं है। यह विभाग अभी उधार के अधिकारियों पर चल रहा है। यहां बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की सेवाएं ली जा रहीं हैं। उन पर अतिरिक्त बोझ के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार नगर विकास सेवा संवर्ग बनाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। इसके बनने तक सभी नगर निगमों, नगर परिषदों व नगर पंचायतों में शहर के विकास का कार्य सिटी मैनेजरों के जिम्मे होगा।

उन्होंने कहा कि राज्य के सभी नगर एवं निगम क्षेत्रों में गरीबी रेखा से नीचे जीवन-बसर करने वालों के लिए राज्य सरकार हुडको से घर बनवा रही है। इस योजना में बेगूसराय नगर परिषद को भी शामिल करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है। उन्होंने कहा कि बेगूसराय का उसी तर्ज पर मास्टर प्लान बनाने की भी बात है। स्लम क्षेत्र के विकास की चर्चा करते हुए डा. सिंह ने कहा कि उसी क्षेत्र से सेविकाओं का चयन कर क्षेत्र को विकास की किरण से जोड़ा जाएगा। ऐसी सेविकाओं को 900 रुपये मानदेय दिया जायेगा।

बेगूसराय शहर के सौंदर्यीकरण के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि पहली प्राथमिकता शहर को जलजमाव से मुक्ति दिलाने की है। इसके तहत सबसे पहले नालों को जोड़कर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिये जा चुके है। उन्होंने कहा कि सभी स्लम क्षेत्रों की नियमित साफ-सफाई के साथ शहर भर के पोखरों के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर हाई मास्टलाइट लगायी जायेगी। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में बेगूसराय नगर परिषद की ओर से विभिन्न महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर दस प्याऊ की व्यवस्था की गयी है। यह विभाग अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के तहत कर रहा है। उन्होंने बताया कि सिमरिया व जयमंगला गढ़ को पर्यटक स्थल बनाने के लिए उसे प्राधिकार के जिम्मे सौंप दिया गया है। धुसहा बरैपुरा, छतौना व बिसौआ पुल अब निर्माण की सूची में है।

0 comments: